उल्फा से बातचीत को लेकर प्रधानमंत्री से मिलेगा सिटिजन फोरम
गुवाहाटी, 20 जून (आईएएनएस)। असम में नवगठित सिटिजन फोरम का एक छह सदस्यीय दल प्रतिबंधित युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) से शांति वार्ता शुरू करने की संभावनाओं की तलाश के लिए सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात करेगा।
फोरम के नेता प्रधानमंत्री के निमंत्रण पर बैठक के लिए नई दिल्ली पहुंच चुके हैं।
फोरम के एक सदस्य हिरण्य भट्टाचार्य ने फोन पर कहा, "बैठक को लेकर हम पूरी तरह सकारात्मक और आशावान हैं कि हम उल्फा के साथ बंद पड़ी शांति वार्ता की बहाली के लिए कोई तरीका तलाशने में सक्षम होंगे।"
यह फोरम 11 सदस्यीय एक ऐसा समूह है, जिसमें विद्वान, लेखक, सेवानिवृत्त पुलिस व सैन्य अधिकारी, मानवाधिकार नेता और बुद्धिजीवी शामिल हैं। इस फोरम का गठन अप्रैल में किया गया था। इस फोरम का दावा है कि उसे कम से कम 100 नागरिक समाजों और अन्य जातीय संगठनों का समर्थन प्राप्त है।
फोरम की ओर से अप्रैल में एक नागरिक सम्मेलन आयोजित किया गया था और सरकार और उल्फा के बीच बातचीत की मध्यस्थता करने का निर्णय लिया गया था।
सिटिजन फोरम के संयोजक हिरेन गोहैन ने कहा, "हम खुले दिमाग के साथ आए हैं और इस बात को लेकर पूरी तरह सकारात्मक रुख रखते हैं कि हमारी बैठक के बाद कुछ निर्णय की स्थिति जरूर उभर कर सामने आएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications