भारत-पाक वार्ता में आतंकवाद व कश्मीर होगा मुद्दा
ज्ञात हो कि विदेश सचिव निरूपमा राव पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर के साथ गुरुवार को इस्लामाबाद में बातचीत करने वाली हैं। इस बातचीत के चार दिन पूर्व आधिकारिक सूत्रों ने कहा, "हम वहां आरोप-प्रत्यारोप के लिए नहीं जा रहे हैं, बल्कि संभावनाओं की तलाश की इच्छा से जा रहे हैं।"
सूत्रों ने कहा कि बातचीत अविश्वास घटाने के कदमों पर केंद्रित होगी।
पाकिस्तान दौरे के दौरान राव पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी से भी मुलाकात करेंगी।
इस महत्वपूर्ण बातचीत के प्रति भारत के दृष्टिकोण का खाका खींचते हुए सूत्रों ने कहा कि यद्यपि जम्मू एवं कश्मीर सहित सभी लंबित मुद्दों पर चर्चा की जाएगी, लेकिन नई दिल्ली आतंकवाद को लेकर अपनी चिंताओं पर जोर देगा।
यह पूछे जाने पर कि क्या बातचीत में जम्मू एवं कश्मीर का मुद्दा उठाया जाएगा, सूत्रों ने कहा, "इस रिश्ते से संबंधित सभी मुद्दे इस बातचीत के अंतर्गत आते हैं।"
नई दिल्ली के रुख के अनुसार आतंकवाद एजेंडे में शीर्ष पर होगा।
सूत्रों ने कहा, "आतंकवाद पर हमारी चिंता बहुत वास्तविक है और यह चिंता दूर नहीं हुई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications