आतंकवाद के खिलाफ और कदम उठाए पाक : होलब्रूक
इस्लामाबाद, 20 जून (आईएएनएस)। अमेरिका के विशेष राजनयिक रिचर्ड होलब्रूक ने कहा है कि पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में व्यवस्थित ढंग से और कदम उठाने की जरूरत है।
शनिवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी के साथ बैठक के बाद एक साझा संवाददाता सम्मेलन में होलब्रूक ने कहा, "युद्ध के मामले में पाकिस्तान ने प्रगति की है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं है कि हम निर्णायक बिंदु तक आ पहुंचे हैं। यह कठिन और लंबा संघर्ष है और इस बारे में काफी कुछ किए जाने की जरूरत है।"
समाचार पत्र 'डेली टाइम्स' के अनुसार अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लिए अमेरिका के विशेष प्रतिनिधि होलब्रूक ने कहा कि पाकिस्तान तथा अमेरिका के संयुक्त प्रयासों से अलकायदा के नेटवर्क को काफी नुकसान पहुंचा है।
होलब्रूक ने पाकिस्तान को ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य और आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में अमेरिका की ओर से वित्तीय सहायता जारी रखे जाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ईरान-पाकिस्तान गैस पाइपलाइन परियोजना के बारे में होलब्रूक ने कहा, "इस परियोजना का फैसला पाकिस्तान का खुद का है।" उन्होंने कहा कि अमेरिका इस परियोजना को लेकर चिंतित नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications