गिरिराज सिंह ने नीतीश को 'एहसानफरामोश' बताया
पटना, 20 जून (आईएएनएस)। बिहार के सहकारिता मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 'एहसानफरामोश' करार देते हुए उन पर गठबंधन धर्म का पालन न करने का आरोप लगाया।
नीतीश द्वारा गुजरात सरकार द्वारा कोसी बाढ़ आपदा के लिए दी गई राहत राशि लौटाए जाने से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के कई नेताओं में जबरदस्त नाराजगी देखी जा रही है और उनकी यह नाराजगी अब धीरे-धीरे मुखर भी होने लगी है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी द्वारा नीतीश की विश्वास यात्रा का बहिष्कार किए जाने के कुछ ही घंटे के भीतर भाजपा के एक और वरिष्ठ नेता ने नीतीश के खिलाफ खुल्लम-खुल्ला मोर्चा खोल दिया।
गिरिराज सिंह ने एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा, "नीतीश एहसानफरामोश हैं। उन्होंने गठबंधन धर्म का पालन नहीं किया।"
उन्होंने कहा, "नीतीश ने पिछले साढ़े चार साल के दौरान एक भी सरकारी फैसले में भाजपा नेताओं से राय नहीं मांगी। अब पानी सिर से ऊपर आ गया है।"
ज्ञात हो कि पहली बार भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति के दौरान जब यह विवाद पैदा हुआ था तब भी गिरिराज सिंह ने नीतीश को आड़े हाथों लिया था। उन्होंने कहा था, "नीतीश पिछले डेढ़ दशक से हमारे साथ हैं लेकिन अब उन्हें नरेंद्र माोदी से क्यों परहेज होने लगा। न नीतीश हमारी मजबूरी है और न ही सत्ता। हमारी मजबूरी प्रदेश की नौ करोड़ जनता है, जिन्हें हमने लालू प्रसाद के कुशासन से मुक्ति दिलाई थी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications