नीतीश को भाजपा से नाता तोड़ लेना चाहिए : भाकपा
नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा गुजरात सरकार की ओर से दी गई सहायता राशि लौटाए जाने को बिहार के स्वाभिमान से जोड़ते हुए उनकी सराहना की है।
भाकपा के उपमहासचिव एस. सुधाकर रेड्डी ने कहा कि नीतीश कुमार और उनकी जनता दल (युनाइटेड) पार्टी के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से राष्ट्रीय स्तर पर अलग होने का उचित समय आ गया है।
उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "नीतीश और जद (यू) के भाजपा के साम्प्रदायिक एजेंडे में कुछ भी सामान्य नहीं है। वह और उनकी पार्टी धर्मनिरपेक्षता और विकास के लिए हमेशा खड़ी रहती है। उनके लिए भाजपा से अलग होने की सबसे उत्तम घड़ी यही है।"
उन्होंने कहा कि सत्ता की मौकापरस्ती के लिए भाजपा और जद (यू) एक हुए थे। "यदि नीतीश भाजपा से नाता तोड़ते हैं तो यह राज्य के विकास के लिए तो अच्छा होगा ही, धर्मनिरपेक्ष ताकतों को भी इससे मजबूती भी मिलेगी।"
रेड्डी ने कहा, "बिहार को दी गई सहायता राशि के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को ढिंढोरा पीटना बिहार की जनता का अपमान है। नीतीश का पैसा लौटाना बिहार के लिए स्वाभिमान की बात है। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications