सीबीआई ने पकड़ा रेलवे भर्ती बोर्ड में बड़ा घोटाला
मुंबई। सीबीआई ने रेलवे की भर्ती से संबंधित करोड़ों रुपये के एक घोटाले का पर्दाफाश किया है। सीबीआई ने इस सिलसिले में शुक्रवार को रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) मुंबई के अध्यक्ष के बेटे के अलावा 7 लोगों को गिरफ्तार किया।
सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि आरआरबी, मुंबई के अध्यक्ष बी शर्मा के परिवार के सदस्यों के बैंक खातों से 60 लाख रुपये जब्त किए गए हैं जबकि रायपुर के पूर्व अतिरिक्त डिवीजनल रेलवे प्रबंधक एके जगन्नाथन के पास से 12 लाख रुपये जब्त हुए हैं। रेलवे में सहायक स्टेशन मास्टर्स और लोको पायलट्स के पदों पर नियुक्तियों में घोटाले के संबंध में इसी प्रकार की छापेमारी बेंगलुरू, कोलकाता, हैदराबाद और रायपुर में भी की गई।
इस मामले में शर्मा के बेटे विवेक बी शर्मा और जगन्नाथन को गिरफ्तार भी किया गया है। दोनों को हैदराबाद की एक अदालत में पेश किया गया और फिर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हैदराबाद में छापेमारी के दौरान जगन्नाथन के घर से सीबीआई ने 21.50 लाख रुपये और नौकरी चाहने वाले 444 लोगों के मूल प्रमाण पत्र भी बरामद किए।
उल्लेखनीय है कि छह जून को देश भर में लोको पायलट और 13 जून को सहायक स्टेशन मास्टर के लिए भर्ती परीक्षा संपन्न हुई थी। सीबीआई के एक अधिकारी ने बताया कि जगन्नाथन आरआरबी अधिकारियों की मिलीभगत से प्रश्न पत्र की प्रति निकालता था और उसे भारी रकम लेकर नौकरी चाहने वालों को मुहैया कराता था। अधिकारियों ने बताया कि वह एक प्रति तीन लाख रुपये में बेचता था और साथ ही छात्रों के मूल प्रमाण पत्र अपने पास जमा रख लेता था। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों को मूल प्रमाण पत्र दे दिया जाता था।












Click it and Unblock the Notifications