जी-20 बैठक के बाद मनमोहन संग वार्ता करेंगे हार्पर (लीड-1)
टोरंटो, 19 जून (आईएएनएस)। रणनीतिक और व्यापारिक सहयोगी के रूप में भारत की बढ़ती अहमियत के मद्देनजर कनाडा में होने वाली जी-20 शिखर बैठक की समाप्ति के बाद 27 जून को कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। यह घोषणा शुक्रवार को स्वयं हार्पर ने की।
एक दशक से ज्यादा अरसे बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली कनाडा यात्रा होगी। वह एकमात्र ऐसे शासनाध्यक्ष हैं, जिनकी मेजबानी शिखर बैठक संपन्न होने के बाद कनाडा सरकार करने जा रही है।
हार्पर, मनमोहन सिंह और उनके शिष्टमंडल के सम्मान में रात्रिभोज देंगे। हार्पर ने गत नवंबर में भारत का दौरा किया था।
हार्पर ने कहा कि कनाडा और भारत के बीच वाणिज्यिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक संबंधों में विकास की भरपूर संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि इस बैठक के दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक संबंधों पर चर्चा होगी।
कनाडा में भारतीय उच्चायुक्त शशिशेखर गवई ने आईएएनएस को बताया, "द्विपक्षीय व्यापार और प्रस्तावित परमाणु संधि तथा अन्य मसलों पर भी दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच चर्चा होगी।"
सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि दोनों देशों के प्रधानमंत्री कुछ समझौतों पर भी हस्ताक्षर कर सकते हैं।
बातचीत के दौरान मनमोहन सिंह कनाडा में बढ़ती खालिस्तानी गतिविधियों पर चिंता जाहिर कर सकते हैं। इसके अलावा भारतीय सुरक्षाकर्मियों को कनाडा द्वारा वीजा देने से इंकार किए जाने का मसला भी इस दौरान उठ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications