राजस्थान में सोमवार को बैंक कर्मचारियों की हड़ताल
मुंबई, 18 जून (आईएएनएस)। बैंक ऑफ राजस्थान के कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के समर्थन में राजस्थान के सभी बैंकों के कर्मचारियों ने सोमवार को हड़ताल पर जाने की धमकी दी है।
अखिल भारतीय बैंक कर्मचारी संघ (एआईबीईए) के सचिव विश्वास उतागी ने कहा कि आईसीआईसीआई बैंक द्वारा अधिग्रहण के विरोध में सोमवार से बैंक ऑफ राजस्थान (बीओआर) के देश भर की 468 शाखाओं के 4,300 कर्मचारी तीन दिवसीय विरोध की शुरुआत करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनके साथ एकजुटता दिखाते हुए सभी बैंक संघों और कर्मचारियों ने एक दिन की हड़ताल का फैसला किया है।
उतागी ने कहा कि चार और पांच जून को बीओआर के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया था।
उतागी ने कहा कि बीओआर बहुत पुराना निजी क्षेत्र का बैंक है जिसकी शाखाएं पूरे देश में हैं। पूरे राजस्थान में इसकी अरबों रुपये की संपति है।
उतागी ने कहा, "हाल ही में बैंक के निदेशक मंडल पर तयाल व्यापारिक समूह ने कब्जा जमाया है और उसने बैंक के कोष का दुरुपयोग किया है।" भारतीय रिजर्व बैंक ने वित्तीय मामलों में दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने के कारण बैंक पर 25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद बीओआर के निदेशक मंडल ने 18 मई को बैंक का आईसीआईसीआई बैंक के साथ विलय को मंजूरी दे दी, जो अचंभित करने वाला है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications