ईंधन कीमतों पर अगले सप्ताह होगी मंत्रिमंडलीय समूह की बैठक!
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने बुधवार को पत्रकारों से कहा, "हम अगले सप्ताह में बैठक आयोजित करने का प्रयास कर रहे हैं।"
देवड़ा ने कहा कि वह केंद्रीय मंत्रीमंडल की बैठक के बाद गुरुवार को ईजीओएम की बैठक आयोजित कराना चाहते थे। उन्होंने कहा, "लेकिन कल (गुरुवार) यह बैठक नहीं हो पाएगी, क्योंकि कल कुछ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम भी हैं।"
केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता में सात जून को बुलाई गई ईजीएमओ की बैठक में किरीट पारिख समिति की पेट्रोल और डीजल के दामों को नियंत्रण मुक्त करने की अनुशंसा पर निर्णय लिया जाना था लेकिन प्रमुख मंत्रियों की गैर मौजूदगी के चलते निर्णय नहीं लिया जा सका था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि परिवहन ईंधन के दाम बाजार के दामों के अनुरूप तय होने चाहिए न कि सरकार की भारी सब्सिडी के आधार पर। रिपोर्ट में रसोई गैस के दामों में 100 रुपये प्रति सिलेंडर और केरोसिन के दाम में छह रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की अनुशंसा की गई है।
सरकार के प्रमुख सहयोगी दल डीएमके और तृणमूल कांग्रेस पेट्रोल और डीजल के दाम में और बढ़ोतरी का विरोध कर रहे हैं।
पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि सरकारी क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों आईओसी, एचपीसीएल और बीपीसीएल को आयातित महंगे तेल को घरेलू बाजार में कम कीमत पर बेचने से भारी घाटा हो रहा है।
मंत्रालय का अनुमान है कि इस साल इन कंपनियों को 72,000 करोड़ रुपये (16 अरब डॉलर) का घाटा हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications