औबेदुल्लागंज में कर्फ्यू तीसरे दिन भी जारी (लीड-1)
औबेदुल्लागंज के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस(एसडीओपी)डी. एस. राजपूत ने बुधवार को आईएएनएस को बताया है कि हालात में सुधार होने पर सुबह के वक्त कर्फ्यू में डेढ और शाम को एक घंटे की ढील दी गई है। उन्होंने बताया कि हत्या और गोलीबारी के मामले में अब तक सात और तोड़फोड़ करने वाले 25 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
औबेदुल्लागंज में पुलिस बल की भारी तैनाती है और हालात काबू में है। कर्फ्यू आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन का निर्णय है कि जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते है, तब तक कर्फ्यू पूरी तरह नहीं हटाया जाएगा।
मालूूम हो कि औबेदुल्लागंज में रविवार की रात को एक मुस्लिम परिवार के यहां शादी के दौरान हुए विवाद में गोलीबारी हुई, इस गोलीबारी में नगर पंचायत अध्यक्ष तूफान सिंह राजपूत के भांजे रूपेश की मौत हो गई जबकि नगर तूफान सिंह और उनका बेटा जय सिंह गम्भीर रूप से घायल हो गए।
इस विवाद ने सोमवार की सुबह हिंसक रूप ले लिया और सड़कों पर उतरे लोगों ने आगजनी व तोड़फोड़ शुरू कर दी। पुलिस ने उपद्रवियों पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज भी किया। उसके बाद भी हालात नहीं संभले। बाद में हालात बिगड़ने पर जिला प्रशासन ने कर्फ्यू लगा दिया। आम आदमी की जरूरत को ध्यान में रखकर मंगलवार को दिन में दो बार सिर्फ महिलाओं को ढील दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications