वायु सेना को इस महीने प्रस्ताव देगा यूरोफाइटर
बर्लिन, 9 जून (आईएएनएस)। यूरोप की विमान निर्माता कंपनियों का समूह यूरोफाइटर भारतीय वायु सेना को 126 लड़ाकू विमानों की बिक्री के लिए इस महीने प्रस्ताव देगा।
समूह के अधिकारियों ने बुधवार को दिए बयान में कहा कि कंपनी ने अप्रैल महीने में अपने बहुउद्देश्यीय लड़ाकू विमान टायफून का परीक्षण संपन्न कर लिया है। समूह अब भारतीय वायु सेना को इन विमानों की बिक्री के लिए अधिकृत प्रस्ताव इस महीने में देगा।
यूरोफाइटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एंजो केसोलिनी ने आईएएनएस से कहा, "फरवरी में शुरू हुआ इस विमान का परीक्षण पूरा हो गया है और अब हम इस महीने भारत सरकार को अपना प्रस्ताव देंगे।"
भारतीय वायु सेना के करीब 10 अरब डॉलर की कीमत के लडाकूविमानों की खरीद योजना का ऑर्डर प्राप्त करने के लिए दुनिया के छह विमान निर्माता समूह प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, यूरोफाइटर भी इनमें से एक है।
वायु सेना की योजना 18 विमानों को तैयार रूप में खरीदने की है जबकि बाकी 118 विमानों का निर्माण भारतीय कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) में प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और उत्पादन का लाइसेंस हासिल करके किया जाएगा। इन विमानों को रूस से खरीदे गए भारतीय वायु सेना के पुराने मिग 21 विमानों के स्थान पर शामिल किया जाएगा।
यूरोफाइटर द्वारा निर्मित करीब 220 टायफून विमान अभी जर्मनी, इटली, स्पेन, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया और साऊ दी अरब की सेनाओं में शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications