बाघ के हमले में बुजुर्ग की मौत
पीलीभीत, 8 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में वन्य क्षेत्र के निकट एक गांव में एक बाघ ने हमलाकर एक बुजुर्ग को अपना शिकार बना डाला और दो अन्य ग्रामीणों को घायल कर दिया।
घटना पीलीभीत वन्य क्षेत्र से सटे बंडा गांव की है, जहां बाघ के हमले में वेद प्रकाश (50) की मौत हो गई। क्षत-विक्षत शव गांव से दूर खेतों में सोमवार देर शाम बरामद किया गया। हमले में घायल हुए दो ग्रामीणों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी हालत स्थिर है।
पीलीभीत के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) वी.के.सिंह ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि बाघ के कदमों के निशान देखकर पता चलता है कि वह वयस्क बाघ था।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से हमें पता चला कि वृद्धि व्यक्ति गांव के निकट बहने वाली खन्नौत नदी में नहा रहे थे तभी बाघ हमला कर उन्हें वन्य क्षेत्र की तरफ खींच ले गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत है। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को लाठी-डंडों के साथ झ्झुंड में रहने की हिदायत दी गई है। साथ ही उनसे खेतों में अकेले न जाने को कहा गया है।
सिंह ने कहा कि वन विभाग के अधिकारी गांव पहुंचकर बाघ को इलाके से दूर खदेड़ने का प्रयास कर रहे हैं। पीलीभीत वन्य क्षेत्र में तकरीबन 36 बाघ हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications