भारत-दक्षिण अफ्रीका ने किए 3 समझौते (लीड-1)
दोनों देशों ने सुरक्षा परिषद की अस्थाई सीट के लिए भी एक दूसरे को समर्थन देने की बात कही।
पहली बार भारत यात्रा पर आए दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आर्थिक समझौते करने और संयुक्त राष्ट्र में सुधार सहित वैश्विक मुद्दों पर सहयोग करने के लिए कई द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तृत वार्ता की।
वार्ता के बाद दोनों पक्षों ने कृषि सहयोग, हवाई सेवा समझौता और भारतीय विदेश सेवा संस्थान और दक्षिण अफ्रीका कूटनीतिक संस्थान की स्थापना के लिए तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
मनमोहन सिंह ने कहा, "आज, राष्ट्रपति और मैंने दोंनों देशों के संबंधों को दूरदर्शी रूप देने का फैसला किया है, इससे हमारे बीच सहयोग में बढ़ोतरी होगी।"
विश्व मामलों में दक्षिण अफ्रीका के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा, "हम अपने आर्थिक, व्यापारिक और निवेश संबंधों के विस्तार को केंद्र में रखने के लिए सहमत हुए हैं।"
विश्व में दोनों देशों की बढ़ती ताकत को ध्यान में रखते हुए मनमोहन सिंह और जुमा ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय निर्णायक संस्थाओं को नई वास्तविकताओं के अनुरूप सुधार प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहिए।
मनमोहन सिंह ने कहा, "हम संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सहित वैश्विक संस्थानों में सुधारों के अपने प्रयास जारी रखेंगे"
राष्ट्रपति जैकब जुमा ने कहा, "हम इस मुद्दे पर एकमत हैं, बदले हुए विश्व में यह परिवर्तन वैश्विक संस्थानों में भी दिखाई देने चाहिए। हम 1940 के दशक में बनाए गए नियमों को जारी नहीं रख सकते।"
जुमा ने कहा, "भारत ने कई मुद्दों पर विकासशील देशों को नेतृत्व प्रदान किया है, और यह नेतृत्व जारी है।" गुरुवार से शुरू हुई अपनी भारत यात्रा को उन्होंने उपलब्धि करार दिया।
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति की भारत यात्रा को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि हम सुरक्षा परिषद में अस्थाई सदस्यता के लिए 1011-12 की सीट के लिए एक दूसरे को समर्थन देने पर सहमत हुए हैं।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने वैश्विक संगठनों में मौजूदा मुद्दों को उठाने और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अस्थाई सदस्यता के लिए 2011-12 की सीट के लिए अपना समर्थन देने की बात कही।
दोनों देशों के बीच किए गए उड्डयन समझौते के जरिए उड़ान सेवाओं को दक्षिण अफ्रीका में जोहान्सबर्ग, केप टाउन और डर्बन में वहीं भारत के मुंबई और तिरुवनंतपुरम में स्टॉप दिए जाएंगे।
इस दौरान जुमा ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दक्षिण अफ्रीका आने का निमंत्रण भी दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications