मुंबई के दोषियों पर कार्रवाई में मदद करेगा अमेरिका
वाशिंगटन, 4 जून (आईएएनएस)। अमेरिका ने मुंबई आतंकी हमले के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सूचनाओं का आदान-प्रदान करने सहित आतंकवाद निरोधी कार्रवाइयों में पूर्ण सहयोग और समर्थन की प्रतिबद्धता दोहराई है।
अमेरिका ने यह प्रतिबद्धता अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन और भारतीय विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा के बीच प्रथम सामरिक वार्ता के समापन पर जारी संयुक्त वक्तव्य में दोहराई।
वक्तव्य में अमेरिका और भारत की हाल की उन घटनाओं पर गंभीर चिंता जाहिर की गई है जो यह याद दिलाती हैं कि आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद की हद सीमित नहीं है और वे लगातार वैश्विक, क्षेत्रीय और घरेलू सुरक्षा के लिए चुनौती बने हुए हैं। वक्तव्य में आतंकवाद को परास्त करने में दोनों देशों के बीच सहयोग बरकरार रखने के महत्व को मंजूरी दी गई है।
कृष्णा और क्लिंटन ने वैश्विक सुरक्षा विशेषकर एशिया में सुरक्षा के मामले पर संतुलित और समग्र सहयोग कायम करने की बात कही। बयान में कहा गया है, "स्थिर, शांतिपूर्ण और समृद्ध एशिया के निर्माण में भारत की नेतृत्वकारी भूमिका का क्लिंटन ने स्वागत किया।"
निरस्त्रीकरण और अप्रसार के बारे में कृष्णा और क्लिंटन ने अपना पक्ष दोहराते हुए कहा कि दोनों देश परमाणु हथियारों से मुक्त विश्व की अवधारणा में यकीन रखते हैं। उन्होंने विश्व में परमाणु प्रसार के खतरों से निपटने की प्रतिबद्धता दोहराई।
बयान में कहा गया है कि दोनों देशों ने बहुराष्ट्रीय, भेदभावरहित और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावपूर्ण ढंग से प्रमाणित परमाणु सामग्री कटौती संधि की दिशा में प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ऊर्जा सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और जलवायु परिवर्तन के बारे में साझा बयान में कहा गया है कि अमेरिका और भारत ने असैन्य परमाणु सहयोग समझौते को पूरी तरह लागू करने के लिए अहम कदम उठाए हैं। इसमें कहा गया है कि परमाणु ऊर्जा सतत और स्वच्छ ऊर्जा भविष्य में परमाणु ऊर्जा अहम योगदान दे सकती है।
कृष्णा और क्लिंटन ने कृषि विकास को बढ़ावा देने, ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी घटाने, वैश्विक खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देने और मौसम की सटीक भविष्यवाणी तथा फसलों के पूर्वानुमान की दिशा में मिलकर काम करने का संकल्प जताया।
उन्होंने आपूर्ति, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि विस्तार कार्यक्रमों में भी मिलकर करने का संकल्प दोहराया।
इसके अवाला शिक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी सहयोग मजबूत करने की बात कही गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications