भाजपा ने पवार का इस्तीफा मांगा
नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की पुणे फ्रेंचाइजी की बोली पर उठे नए विवाद के संदर्भ में केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार के इस्तीफे की मांग की है।
देश के एक प्रतिष्ठित अंग्रेजी समाचार पत्र ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि आईपीएल की पुणे फ्रेंचाइजी की बोली में पवार और उनके परिवार के सदस्य परोक्ष रूप से शामिल थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि जिस 'सिटी कार्पोरेशन' नामक कंपनी ने बोली लगाई थी उसके निदेशक मंडल में पवार, उनकी पत्नी और बेटी भी शामिल हैं।
इस पर भाजपा के महासचिव और मुख्य प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से शुक्रवार को कहा कि पवार को तत्काल पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पवार ने आईपीएल से अपने संपर्क के बारे में देश को गुमराह किया है और ऐसे में प्रधानमंत्री को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)के अध्यक्ष पवार ने इस मामले पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनका और उनके पूरे परिवार का आईपीएल से दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है। उनकी सांसद पुत्री सुप्रिया सुले ने भी आईपीएल से किसी भी तरह के संबंध से इंकार किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications