कसाब ने मृत्युदंड के खिलाफ अपील की
अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि विशेष अदालत द्वारा अपने फैसले को उच्च न्यायालय से पुष्टि के लिए भेजे जाने से पहले ही कसाब ने अपील दाखिल कर दी है। कसाब को विशेष न्यायधीश एम.एल. ताहिलयानी ने छह मार्च को कई मामलों में मौत की सजा सुनाई थी।
आर्थर रोड सेंट्रल जेल में कैद इस पाकिस्तानी आतंकवादी ने अधिकारियों के जरिए बंबई उच्च न्यायालय में अपील दाखिल की है। उसने अपील के साथ 1,588 पृष्ठों के फैसले की प्रति को भी नत्थी किया है। उसने अपने लिए एक वकील की भी मांग की है जो उच्च न्यायालय में उसकी पैरवी कर सके।
कसाब मामले में इस नई प्रगति की पुष्टि करते हुए सरकारी वकील उज्ज्वल निकम ने कहा, "हर अभियुक्त को ऊपरी अदालत में अपील करने का अधिकार है। कसाब ने भी यही किया है। यह उचित है और इसमें कुछ भी गैरकानूनी नहीं है।"
निकम ने कहा, "अपने लिए वकील चुनने का कसाब के पास विकल्प है। उसे मुफ्त कानूनी मदद पाने का भी अधिकार है। निचली अदालत की तरह यहां भी जरूरी प्रक्रियाएं दोहराई जाएंगी।"
कसाब एकमात्र आतंकवादी है जिसे मुंबई आतंकी हमले के दौरान जीवित पकड़ा गया था । 26 नवंबर, 2008 को हुए इस हमले में लगभग 166 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications