राष्ट्रमंडल खेल : दिख सकते हैं बैटरी से संचालित रिक्शे
नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार की ओर से अगर एक प्रस्ताव को हरी झंडी मिल जाती है तो अक्टूबर के राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान बैटरी से संचालित लगभग 1,000 रिक्शे दिख सकते हैं। इन रिक्शों पर न सिर्फ अखबार और जूस की सुविधा उपलब्ध होगी बल्कि इसके चालक गाइड का काम भी करेंगे।
रिक्शा चालकों के लिए काम करने वाले बिहार स्थित गैर सरकारी संगठन सम्मान फाउंडेशन के इरफान आलम ने बताया, "राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान खेल गांव और राजधानी के अन्य हिस्सों में बैट्री से संचालित होने वाले लगभग 1,000 रिक्शा चलाए जाने का प्रस्ताव रखा गया है।"
आलम ने आईएएनएस को बताया, "हम दिल्ली सरकार और अन्य एजेंसियों से इस योजना के बारे में बातचीत कर रहे हैं। हमें अगले तीन महीनों के भीतर इसका हल निकालने की उम्मीद है।"
देश के मशहूर संस्थान अहमदाबाद प्रबंधन संस्थान (आईआईएम-ए) के पूर्व छात्र आलम ने अपना संगठन तीन साल पहले शुरू किया था और रिक्शे का एक ऐसा मॉडल तैयार किया था जो वजन में काफी हल्का है और इसमें सामान रखने की पर्याप्त सुविधा भी मौजूद है। इस रिक्शे से सवारी के अलावा अखबार पढ़ने, जूस और पानी के बोतल की व्यवस्था की गई है।
राष्ट्रमंडल खेल शुरू होने में केवल चार महीने ही रह गए हैं। आलम कहते हैं कि राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान इस तरह के हाइटेक रिक्शे को चलाने का प्रस्ताव रखा गया है।
आलम ने बताया, "बैटरी द्वारा संचालित ये रिक्शे फोन सेवा के माध्यम से बुक किए जा सकेंगे। इनके लिए कस्टमर केयर की सुविधा दी जाएगी जिस पर कॉल कर रिक्शे की बुकिंग की जा सकेगी। किराये को लेकर एक चार्ट होगा जिसमें दूरी के हिसाब से किराये का उल्लेख होगा।"
आलम कहते हैं कि इसके अलावा रिक्शे में कुछ अन्य महत्वपूर्ण सुविधाएं दी गई हैं। आप यात्रा के दौरान ही पानी और जूस की खरीददारी कर रसकते हैं। रिक्शा चालकों को पर्यटक गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा।
इरफान आलम ने बताया, "दिल्ली सरकार इस योजना को लेकर सकारात्मक है और इस योजना को लेकर आश्वस्त हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications