बालाघाट में नक्सलियों ने वाहन फूंके
बालाघाट, 3 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों के छत्तीसगढ़ भाग जाने की खबर है।
बालाघाट रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सी.बी. मुनिराजू ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि पथरी थाना क्षेत्र में कोरका और अडोरी के बीच सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। यहां बुधवार की देर रात को लगभग दो बजे नक्सलियों ने इस काम में लगी दो जेसीबी मशीन व एक पिकअप वाहन को आग के हवाले कर दिया।
मुनिराजू के अनुसार यह वारदात मलाजखंड दलम के नक्सलियों ने की है और वे चार की संख्या में थे। पुलिस को आशंका है कि वारदात के समय उनके और साथी भी कहीं आसपास रहे होंगें। वाहनों को आग लगाने के बाद नक्सली छत्तीसगढ की सीमा में प्रवेश कर गए।
छत्तीसगढ़ से नक्सलियों के मध्य प्रदेश मे प्रवेश की सूचना लंबे अरसे से पुलिस से मिल रही हैं। इसी के चलते पुलिस की तलाशी भी बढ़ा दी गई है। इसके बावजूद नक्सलियों ने इस वारदात को अंजाम दे दिया। पिछले दिनों नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य रोकने को कहा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications