सोनिया रखेंगी रोहतांग सुरंग की आधारशिला
शिमला, 3 जून(आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी 28 जून को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में रोहतांग सुरंग की आधारशिला रखेंगी।
केंद्रीय इस्पात मंत्री वीरभद्र सिंह ने गुरुवार को बताया, "संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी मनाली के निकट सुरंग की आधारशिला रखेंगी।"
उन्होंने बताया कि रक्षामंत्री ए.के. एंटनी, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल व जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
13,050 फीट के रोहतांग र्दे में घोड़े की नाल के आकार वाली इस 8.80 किलोमीटर लंबी सुरंग के बन जाने से किसी भी मौसम में लाहौल व स्पीति जिलों में जाना आसान हो जाएगा। भारी बर्फबारी के कारण इन जिलों से लगभग चार महीने से देश के अन्य भागों से संपर्क टूटा हुआ है।
सीमा सड़क संगठन के मुख्य इंजीनियर (रोहतांग सुरंग परियोजना) पी.के. महाजन ने कहा कि रोहतांग सुरंग का निर्माण कार्य 2015 तक पूरा होने की उम्मीद है।
कैबिनेट समिति ने इस परियोजना के लिए 1495 करोड़ रुपये को मंजूरी प्रदान की थी। यह सुरंग शिमला से 300 किलोमीटर दूर स्थित है।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास स्थित सड़कों का निर्माण और रखरखाव सीमा सड़क संगठन करता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications