मप्र के पूर्व मंत्री कमल पटेल का आवेदन खारिज
पूर्व मंत्री पटेल को दो साल पहले हरदा जिले से लापता हुए दुर्गेश जाट प्रकरण में सीबीआई की लखनऊ शाखा के दल ने 20 मई को भोपाल में गिरफ्तार किया था। सीबीआई अदालत ने कमल पटेल को तीन जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा था, मगर तबियत बिगड़ जाने पर वह एमवाय अस्पताल में इलाज करा रहे हैं।
सीबीआई की विशेष न्यायाधीश शुभ्रा सिंह की अदालत ने गुरुवार को पटेल की ओर से छह जून को बेटे की शादी में शामिल होने की अनुमति देने का आवेदन लगाया गया, जिसे खारिज कर दिया गया हैं।
मालूम हो कि दो साल पहले पांच मार्च 2008 में हरदा जिले के देवतालाब इलाके में पूर्व मंत्री पटेल के बेटे सुदीप का कांग्रेस नेता राजेंद्र पटेल से विवाद हुआ था, जिसमें गोलीबारी हुई थी। इस गोलीबारी में सुदीप का साथी दुर्गेश जाट घायल हुआ था। उसके बाद से दुर्गेश का कोई पता नहीं है।
उच्च न्यायालय के आदेश पर सीबीआई इस मामले की जांच कर रही। जांच में सीबीआई ने पाया कि दुर्गेश को घायल होने के बाद अस्पताल न ले जाकर पटेल के बंगले पर ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। बाद में शव को नष्ट कर दिया गया। इतना ही नहीं राजेंद्र पटेल के घर हमला करने और घायल दुर्गेश को लाने में जिस वाहन का उपयोग किया गया था, उसके कलपुर्जे और पर्दे बदल दिए गए। इसमें पूर्व मंत्री शामिल रहे। इसी आधार पर उनकी गिरफ्तारी सीबीआई ने की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications