रविशंकर के काफिले पर गोलीबारी कायराना हरकत : गडकरी
नई दिल्ली, 31 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन गडकरी ने बेंगलुरू में रविवार शाम आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के काफिले पर गोलीबारी की निंदा करते हुए इसे कायराना हरकत करार दिया है।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा को सोमवार को भेजे एक पत्र में गडकरी ने कहा, "श्री श्री रविशंकर के काफिले पर गोलीबारी की घटना से मैं आहत हुआ हूं। मैं इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा करता हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि आपकी (येदियुरप्पा) की सरकार जल्द से जल्द दोषियों को पकड़ेगी।"
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "इस घटना में श्री श्री रविशंकर के सुरक्षित होने की खबर सुनकर मुझे राहत मिली। हम सभी जानते हैं कि श्री श्री रविशंकर एक विख्यात आध्यात्मिक गुरु हैं जिनको समाज के हर तबके में सम्मान हासिल है। हमें उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।"
गौरतलब है कि रविवार शाम बेंगलुरू में एक अज्ञात हमलावर ने श्री श्री रविशंकर के काफिले पर गोलीबारी की थी। इसमें वह सुरक्षित बच गए थे लेकिन उनके एक भक्त विनय कुल्लुमथ घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications