गोलीबारी की वारदात रविशंकर पर हमला नहीं : पुलिस प्रमुख
राज्य के पुलिस महानिदेशक अजय कुमार सिंह ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, "हमें जो सबूत मिले हैं उससे साबित होता है कि यह सिर्फ एक गोलीबारी की घटना थी। गुरुजी पर हमला नहीं हुआ।"
उन्होंने कहा, "मैं इसे हमला नहीं कहूंगा क्योंकि गुरुजी के चले जाने के पांच मिनट बाद गोलीबारी हुई। ऐसा लगता है कि गोली किसी व्यक्ति को निशाना बनाकर नहीं चलाई गई थी क्योंकि यह न सिर्फ दूर से बल्कि हवा में दागी गई थी।"
सिंह ने कहा कि गोली एक अवैध पिस्तौल से रविवार शाम 6.05 से 6.10 बजे के बीच दागी गई। इससे पांच मिनट पहले रविशंकर आश्रम से जा चुके थे।
उन्होंने कहा, "हमें कुछ सुराग मिले हैं और उसके आधार पर हम जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि गोली 700-750 फुट की दूरी से और हवा में दागी गई थी।"
पुलिस प्रमुख ने कहा, "हम इस घटना की जानकारी पुलिस को तीन घंटे बाद दिए जाने की भी जांच कर रहे हैं। मौके पर मौजूद किसी ने भी गोली चलाने वाले व्यक्ति को नहीं देखा। आश्रम परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।"
गौरतलब है कि रविवार शाम बेंगलुरू में एक अज्ञात हमलावर ने श्री श्री रविशंकर के काफिले पर गोलीबारी की थी। इसमें वह सुरक्षित बच गए थे लेकिन उनके एक भक्त विनय कुल्लुमथ घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications