ट्रेवल एजेंसी ने 90 युवकों को ठगा, 2 गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक ट्रेवल एजेंसी ने 90 युवकों से 2.5 करोड़ रुपये की राशि ली है।
अंबाला में कैपिटल इमिग्रेशन एंड एजुकेशन सर्विसेज के नाम से चलने वाली ट्रेवल एजेंसी के दो लोगों रूपेश कुमार और मनमोहन सिंह को पुलिस ने रविवार को जालंधर से गिरफ्तार किया।
जांच अधिकारी राजबीर सिंह ने बताया कि ट्रेवल एजेंसी के खिलाफ शिकायत मिली थी कि वह सिंगापुर का वर्क परमिट बनवाने का झांसा देकर प्रत्येक युवक से दो से तीन लाख रुपये वसूल रही है।
सिंह ने आईएएनएस को बताया, "16 मई को ट्रेवल एजेंसी के कार्यालय पर दबिश दी गई। कार्यालय में हालांकि कोई नहीं मिला लेकिन वहां पाए गए पासपोर्ट और बीजा संबंधित दस्तावेजों को जब्त कर लिया गया। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमों को विभिन्न स्थानों पर भेजा गया। दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि चार लोग अभी भी फरार हैं।"
ट्रेवल एजेंसी के धोखाधड़ी के शिकार ज्यादातर युवक समीप के गांवों के रहने वाले हैं जो मध्यम वर्गीय परिवारों से ताल्लुक रखने वाले हैं।
शिकायत के मुताबिक आरोपी युवाओं को नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 15 मई को बुलाया गया था। वे चार बजे की उड़ान से जाने वाले थे और उनसे कहा गया था कि उनके वीजा दस्तावेज और टिकट हवाईअड्डे पर ही दिए जाएंगे।
ट्रेवल एजेंसी की तरफ से हवाईअड्डे पर कोई नहीं आया और उन्होंने लोगों के सवालों का जवाब देना भी बंद कर दिया।
राजबीर सिंह ने बताया कि इससे पहले भी इस ट्रेवल एजेंसी के बारे में शिकायत मिल चुकी है और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications