पश्विम बंगाल : निकाय चुनावों में हिंसा (लीड-1)
कोलकाता, 30 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कोलकाता सहित 81 स्थानीय निकायों के चुनाव के लिए हो रहे मतदान के दौरान रविवार को कई स्थानों पर हिंसा हुई।
पूरे राज्य में मतदान शांतिपूर्ण चलने के बावजूद कई स्थानों पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुईं। बर्दवान जिले के जमुरिया, उत्तरी 24 परगना के नैहाटी और कोलकाता के बेलघाटा में हिंसा की खबरें हैं। स्थिति नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
इन चुनावों में लगभग 85 लाख मतदाताओं के हिस्सा लेने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में भी गड़बड़ी की खबरें हैं। इससे मतदान प्रभावित हुआ है। तृणमूल कांग्रेस ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर मतदान का समय बढ़ाने की मांग की है।
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर स्थानीय निकाय चुनावों को उनका सेमीफाइनल माना जा रहा है। अलबत्ता इस चुनाव में नागरिक समस्याओं की जगह राजनीतिक मुद्दे छाए हुए हैं।
पिछले तीन दिनों से ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त होने को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमाई हुई है। इस दुर्घटना में 145 लोगों की मौत हो गई थी। इससे पहले राजनीतिक हिंसा, साम्प्रदायिक हिंसा फैलाने के लिए षडयंत्र रचे जाने, रेल मंत्रालय की कार्यप्रणाली और नक्सली हमले चुनावी मुद्दों के केंद्र में थे। इन मुद्दों की आड़ में वास्तविक समस्याएं मसलन बिजली, सड़क और पानी से जुड़े मुद्दे गायब हो गए हैं।
लोकसभा चुनाव के एक साल बाद हो रहे इस चुनाव में कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं हो सका। सीटों के बंटवारें को लेकर दोनों दलों में सहमति नहीं बन सकी। प्रदेश के 81 स्थानीय निकायों में से वर्तमान में कोलकाता सहित 54 निकायों पर वाम मोर्चे का कब्जा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications