तेलंगाना में बंद से जन-जीवन प्रभावित
हैदराबाद, 29 मई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के वारांगल जिले में प्रदर्शनकारियों पर गोलबारी के विरोध में तेलंगाना समर्थक समूहों द्वारा किए गए एक दिवसीय बंद के आह्वान के बाद शनिवार को तेलंगाना में जन-जीवन प्रभावित रहा। कई इलाकों में भीड़ द्वारा वाहनों पर किए गए हमलों के बाद सरकारी बस सेवाएं रोक दी गईं जिससे सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधिकारियों ने बताया कि तेलंगाना क्षेत्र में सुबह हिंसा की छिटपुट घटनाओं में कम से कम छह निजी बसों और राज्य के सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) की एक बस को आग के हवाले कर दिया गया जबकि एक दर्जन से अधिक बसों में तोड़-फोड़ की गई।
पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने हैदराबाद के बाहरी इलाके में एक निजी कॉलेज के दो वाहनों और आरटीसी की एक बस को जला दिया। वारंगल में तीन निजी वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।
कई इलाकों में बसों पर भीड़ के हमले और प्रदर्शनकारियों के बस डिपो के बाहर प्रदर्शन करने व सड़कें जाम करने के बाद आरटीसी ने तेलंगाना के नौ जिलों में अपनी सेवाएं रोक दीं।
प्रत्येक जिले में 600 से 900 बस सेवाएं रद्द होने के बाद सैकड़ों यात्रियों को काफी परेशानी हुई। हैदराबाद और विजयवाड़ा के बीच चलने वाली आरटीसी की 180 बसों के न चलने से यात्रियों को असुविधा हुई।
वारांगल, करीमनगर, निजामाबाद, आदिलाबाद, खम्माम, महबूबनगर, नलगोंडा और मेडक जिले में दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। बंद का हैदराबाद में कोई असर नहीं दिखा, यहां दुकानें खुली रहीं और बसें अपने निर्धारित समय पर चलती रहीं।
वारांगल के महबूबाबाद शहर में छात्रों पर गोलाबारी के विरोध में संयुक्त कार्रवाई समिति, तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) और अन्य तेलंगाना समर्थक समूहों ने इस बंद का आह्वान किया था। सांसद वाई.एस. जगनमोहन रेड्डी की तेलंगाना यात्रा का विरोध कर रही भीड़ पर कांग्रेस विधायक कोंडा सुरेखा और एम. कविता के सुरक्षाकर्मियों के गोली चलाने से नौ लोग घायल हो गए थे।
वारांगल में पूरी तरह बंद की स्थिति थी। प्रदर्शनकारियों ने रेलगाडियों को रोका। सिकंदराबाद-नई दिल्ली राजधानी और एपी एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को कुछ समय के लिए रोका गया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications