गर्मी से निजात के आसार नहीं
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, झारखण्ड, उत्तरी मध्य प्रदेश और विदर्भ लू और चिलचिलाती धूप के शिकंजे में हैं।
मौसम विभाग के अनुसार केरल, लक्ष्यद्वीप, अंडमान निकोबार एवं द्वीप समूह और कर्नाटक के तटीय हिस्सों में छिटपुट वर्षा होने की संभावना है।
जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखण्ड में अगले 24 घंटों के दौरान तेज हवाओं और गरज के साथ बूंदाबांदी होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के मुताबिक हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश होने की उम्मीद है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी बंगाल, झारखण्ड और उड़ीसा में गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है, वहीं दिल्ली समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और राजस्थान में अगले दो से तीन दिनों तक धूल भरी हवाओं का रुख कायम रहेगा।
पूर्वोत्तर और उससे सटे इलाकों, पश्चिमी और मध्य भारत के हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की कमी आने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमोत्तर भारत को गर्मी से कुछ राहत दे सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी बंगाल, झारखण्ड, उड़ीसा में अगले 48 घंटों में गरज के बारिश की चेतावनी दी गई है। साथ ही दिल्ली, पंजाब, हरियाणा,उत्तराखण्ड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों में गरज के साथ बूंदाबांदी की संभावना भी व्यक्त की गई है।
उधर, मानसून के अगले सप्ताह दक्षिण भारतीय राज्य केरल पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विज्ञानियों ने गुरुवार को यह पूर्वानुमान जाहिर किया है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है, "अगले तीन-चार दिनों में केरल में मानसून की शुरुआत के लिए स्थितियां अनुकूल हैं।"
पश्चिमोत्तर भारत के न्यूनतम तापमान, मानसून से पहले की बारिश, वायु दाब, तापमान और दक्षिणी चीन के समुद्र और दक्षिणपूर्व भारतीय समुद्र के ऊपर बनी वायु स्थितियों, दक्षिणपूर्व एशियाई क्षेत्र और दक्षिण-पश्चिमी प्रशांत महासागर के ऊपर बनी वायु परिसंचरण की स्थितियों जैसे कारकों के आधार पर मानसून का अनुमान लगाया जाता है।
मौसम विभाग ने 30 मई के आस-पास मानसून की शुरुआत की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*