एयर इंडिया की उड़ानें सामान्य, 1 जून को होगी वार्ता
कंपनी के एक प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी के सभी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं और सभी कर्मचारियों ने अपना कामकाज संभाल लिया है। प्रवक्ता ने बताया कि यूनियन नेताओं से कंपनी के प्रबंधन की एक जून को होने वाली वार्ता में प्रबंधन के उच्च अधिकारी भी शामिल होंगे।
एयर इंडिया कर्मचारियों की दो दिनी हड़ताल के बाद काम-काज को सामान्य बनाने के लिए कंपनी प्रबंधन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है। हड़ताल के चलते मंगलवार और बुधवार तक कंपनी की 100 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुई थीं और उसे 12 करोड़ रुपये (26.5 लाख डॉलर) का नुकसान हुआ। इस दौरान करीब 13,000 यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा हड़ताल पर 13 जुलाई तक के लिए रोक लगाने के फैसले के बाद बुधवार शाम को हड़ताल समाप्त कर दी गई थी।
मैंगलोर में विमान दुर्घटना में 158 यात्रियों की मौत के बाद एयर इंडिया के सुरक्षा मानकों को लेकर मीडिया में उठे सवाल के बाद अचानक हुई इस हड़ताल से विमानन कंपनी की छवि पर बुरा असर पड़ा है।
कंपनी ने कहा कि प्रबंधन के प्रमुख अधिकारी एक जून को कर्मचारी संघों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए प्रबंधन कर्मचारी संघों के नेताओं से बातचीत के लिए आगे आया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications