छात्रा का अश्लील एमएमएस बनाने वाले 2 पुलिसकर्मी बर्खास्त (लीड-1)
पुलिसकर्मियों के उत्पीड़न से परेशान होकर जान देने वाली दो बहनों की मौत के मामले की जांच के लिए भोपाल से छतरपुर पहुंचे दो सदस्यीय दल के प्रमुख अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) आर.सी. अरोड़ा ने बताया कि लड़की का अश्लील एमएमएस बनाने वाले दोनों पुलिस कर्मियों कन्हैया लाल व अरविंद पटेल को बर्खास्त कर दिया गया है। वहीं पीड़ित लड़की को धमकाने वाले दो अन्य पुलिसकर्मियों प्रवीण त्रिपाठी व अशोक पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
पिछले दिनों विश्वनाथ कालोनी में रहने वाली दो बहनों अनीता और बबीता (परिवर्तित नाम) ने पुलिस प्रताड़ना से तंग आकर जहर खाकर जान दे दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) आर. सी. अरोड़ा व पुलिस महानिरीक्षक (सीआईडी) के. एन. तिवारी गुरुवार की देर रात को छतरपुर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। दोनों अधिकारी मृत लड़कियों के घर पर गए और मौके का जायजा लिया, वहीं जिस लड़की का एमएमएस बनाया गया था उसके पुरुष मित्र हिमांशु से पूछताछ की गई।
मालूम हो कि अनीता अपने पुरुष मित्र के साथ 21 मई को एक रिहायशी कालोनी में घूम रही थी, तभी दो पुलिसकर्मियों कन्हैया लाल तथा अरविंद पटेल ने कथित तौर पर पुरुष मित्र को धमका कर भगा दिया था और लड़की का अश्लील वीडियो बना लिया था। इतना ही नहीं इसके बाद उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई। इसकी शिकायत उसने पुलिस से की, जिस पर दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।
बाद में दोनों प्रमुख आरोपी पुलिसकर्मियों के दो अन्य साथियों प्रवीण और अशोक ने दोनों लड़कियों को धमकाया था। इसी धमकी के बाद दोनों बहनों ने आत्महत्या कर ली थी। इन चारों पुलिसकर्मियों के अलावा थाना प्रभारी के. के. खनेजा को निलंबित किया जा चुका है। वहीं कन्हैया लाल तथा अरविंद पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications