हाफिज सईद की रिहाई चिंताजनक: कृष्णा
कृष्णा ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से कहा, "स्वाभाविक तौर पर हम पाकिस्तानी सर्वोच्च न्यायालय के उस फैसले से चिंतित हैं जिसमें उसने सईद की रिहाई के खिलाफ पंजाब की प्रांतीय सरकार की अपील को खारिज कर दिया था। हम अभी भी मानते हैं कि सईद मुंबई हमले का षड्यंत्रकारी है।"
उन्होंने कहा कि मुंबई हमले के संदर्भ में पाकिस्तान को पर्याप्त साक्ष्य दिए जा चुके हैं। मुंबई हमले में 26 विदेशी नागरिकों सहित लगभग 166 लोग मारे गए थे।
विदेश मंत्री ने कहा, "मुझे नहीं पता कि पाकिस्तानी सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष किस तरह के साक्ष्य प्रस्तुत किए गए थे। हमारे द्वारा दिए साक्ष्यों के बारे में कानूनी विशेषज्ञ मानते हैं कि ये सईद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आरंभ करने के लिए पर्याप्त है।"
उल्लेखनीय है कि बीते मंगलवार को पाकिस्तान सर्वोच्च न्यायालय ने हाफिज सईद को यह कहते हुए बरी कर दिया था कि उसके खिलाफ दिए गए सबूत पर्याप्त नहीं हैं। जून, 2009 में लाहौर उच्च न्यायालय ने सईद को नजरबंद किए जाने का आदेश दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications