वीजा मसले पर कनाडा ने 'गहरा खेद' जताया (लीड-1)
कनाडा ने भारतीय सुरक्षा बलों पर मानवाधिकार हनन का आरोप लगाया था।
नागरिकता और अप्रवासी मामलों के मंत्री जैसन केन्नी ने गुरुवार को कहा, "कनाडा सरकार ने हाल में सार्वजनिक सेवा के अधिकारियों द्वारा भारतीय सुरक्षा बल के अधिकारियों का वीजा अस्वीकार्य करने के दौरान उन पर गलत आरोप लगाने की घटना पर गहरा खेद व्यक्त किया है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय सुरक्षा बल और भारतीय रक्षा सेनाएं जो भी कर रही हैं वह वैध है।"
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की प्रस्तावित कनाडा यात्रा से पहले दोनों देशों के बीच पैदा विवाद को शांत करने की कोशिश करते हुए केन्नी ने कहा, "भारत, उसकी सरकारी संस्थाओं और प्रक्रियाओं का कनाडा पूरा सम्मान करता है।"
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक राष्ट्र होने के कारण हमारी मित्रता कानून के शासन पर आधारित है और यह मजबूत हो रही है। हम धार्मिक, जातीय और भाषायी विविधता में विश्वास करते हैं।
उन्होंने कहा, "ऐसे समय में जब वैश्विक सुरक्षा चिंता का विषय बना हुआ है, कनाडा भारत के साथ रक्षा, सुरक्षा और आतंकवाद से निपटने के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग को महत्व देता है।"
केन्नी ने कहा कि कनाडा हर साल 1,31,000 से अधिक भारतीयों का स्थाई या अस्थाई रूप से स्वागत करता है जिसमें कई सुरक्षा बलों से जुड़े हुए होते हैं।
हाल के वर्षो में नई दिल्ली स्थित कनाडाई उच्चायोग ने कई भारतीय अधिकारियों को वीजा देने से इसलिए इंकार कर दिया था कि उनका संबंध भारतीय सुरक्षा बलों से था। इस कारण दोनों देशों के बीच विवाद पैदा हो गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications