अमिताभ को मोदी का धन्यवाद
गांधीनगर, 25 मई (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात पर्यटन को बढ़ावा देने में सहयोग के लिए फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन को हार्दिक धन्यवाद किया है।
मोदी ने मंगलवार को अपने ब्लाग पर लिखा है कि गुजरात भयानक गर्मी से झुलस रहा है। राज्य में तापमान अकल्पनीय ढंग से 48.5 डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुंच गया है। लेकिन सामान्य मानसून के अनुमान से हमें आशा बंधी है और हम कामना करते हैं कि हमारे किसान भाई वाकई में इससे लाभान्वित होंगे।
मोदी ने आगे लिखा है, "हमारे लिए बड़ी बात यह है कि अमिताभ बच्चन जी इसी तपिश में भी गुजरात पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां आ रहे हैं। मैं उनका स्वागत करता हूं।"
मोदी ने लिखा है कि जब अमिताभ गुजरात पर्यटन के ब्रांड अंबेसडर बने थे तो उनकी तमाम आलोचनाएं हुई थीं और उन पर कई सारे आरोप लगाए गए थे। लेकिन गु़जरात उनके इस दौरे को लेकर पूरी तरह उत्साहित है और एक भव्य स्वागत यहां उनका इंतजार कर रहा है।
मोदी ने हाल में मैंगलोर में हुए विमान हादसे में मारे गए लोगों के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त की है और इसे एक अपूरणीय क्षति बताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications