आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़ में 2 अपराधी ढेर
जिले के कोतवाली शहर इलाके में करीब आधे घंटे तक चली मुठभेड़ में पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक हत्या, अपहरण और लूट के मामलों में वांछित राजेश श्रीवास्तव को मार गिराया। राजेश पर 30,000 रुपये का ईनाम था।
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.एस. श्रीवास्तव ने संवाददाताओं को बताया कि मारे गए दूसरे अपराधी की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो पाई है।
श्रीवास्तव ने कहा कि दोनों अपराधी बुधवार को यहां एक स्थानीय व्यवसायी से पांच लाख रुपये की उगाही करने आए थे। व्यवसायी द्वारा दी गई सूचना के बाद पुलिस ने दोनों अपराधियों को चारों ओर से घेर लिया। खुद को घिरा देखकर उन्होंने पुलिस पर गोलाबारी शुरू कर दी। बाद में की गई जवाबी फायरिंग में दोनों अपराधी मारे गए।
उन्होंने कहा कि राजेश विवादास्पद विधायक मुख्तार अंसारी के लिए भी काम करता था। मऊ जिले से निर्दलीय विधायक अंसारी फिलहाल हत्या के मामले में जेल में बंद है।
पुलिस ने मारे गए अपराधियों के कब्जे से 9 एमएमए का एक पिस्तौल और एक रिवाल्वर बरामद किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications