जर्मन बेकरी कांड : समद को आज पेश किया जाएगा अदालत में (लीड-1)
केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने एक बयान जारी कर मंगलवार को यह जानकारी दी। समद की गिरफ्तारी के लिए उन्होंने आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) महाराष्ट्र, पुणे पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की प्रशंसा भी की।
पुणे पुलिस की मदद से एटीएस महाराष्ट्र बम विस्फोट के लिए जिम्मेदार प्रमुख संदिग्ध की पहचान करने में सफल हुई।
केंद्रीय एजेंसियों ने संदिग्ध का पता लगाया। सोमवार को गिरफ्तार किए गए इस शख्स की पहचान अब्दुल समद पुत्र मोहम्मद जरार सिद्दीबापा के रूप में की गई। समद कर्नाटक के उत्तरी कनाड़ा जिले के भटकल का निवासी है।
चिदम्बरम ने कहा कि समद एटीएस महाराष्ट्र की हिरासत में है और उसे मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
गृह मंत्री ने कहा, "घटना के 100 दिन के भीतर प्रमुख संदिग्ध को गिरफ्तार करने के लिए मैं एटीएस महाराष्ट्र, पुणे पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की प्रशंसा करता हूं।"
बम विस्फोट की घटना में 17 लोगों की मौत हुई थी।
एक सूचना के बाद समद (23 वर्ष) को दुबई से मैंगलोर हवाई अड्डे पर पहुंचने के तुरंत बाद महाराष्ट्र एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि समद ने कहा कि वह इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापकों रियाज भटकल और इकबाल भटकल का करीबी सहयोगी था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications