बिहार में गर्मी से राहत, दिल्ली में तपिश जारी (लीड-1)
दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में फिलहाल गर्मी से निजात नहीं मिलेगी। यहां के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधियां चल सकती हैं। सोमवार को दिल्ली के मौसम में भी कोई खास तब्दीली के आसार नहीं हैं।
आईएमडी का अनुमान है कि सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया है, जो साल के इस समय के औसत तापमान से तीन डिग्री अधिक है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा।"
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले दो से तीन दिन तक गर्मी की तपिश से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है और जल्द वर्षा होने के कोई लक्षण दिखाई न देने पर तापमान और बढ़ सकता है।
हिमाचल प्रदेश जैसा पहाड़ी राज्य भी तपिश से अछूता नहीं है। राज्य के ऊना जिले में रविवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राजधानी शिमला का तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि सोमवार को भी मौसम सूखा ही रहेगा।
मध्य प्रदेश में तापमान में हुई रिकार्ड वृद्धि के साथ लू और उमस ने हर किसी को बेचैन कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार चल रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान शाजापुर प्रदेश का सबसे सबसे गर्म स्थान रहा, जहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है और साथ में प्रदेश का बडा हिस्सा लू की गिरफ्त में है। भोपाल में अधिकतम तापमान का 10 साल का रिकार्ड टूट गया है और पारा 44़ 8 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। वहीं इंदौर में 44़ 0 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 46़ 5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 43़ 3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
यद्यपि, मौसम विभाग का अनुमान है कि पश्चिमी भारत के साथ-साथ मध्य भारत में भी अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में हल्की कमी आएगी।
उधर, पटना सहित राज्य के कई इलाकों में रविवार को देर रात हुई हल्की बारिश के बाद मौसम विज्ञानियों ने अगले 24 घंटे में राज्य के कुछ इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पटना का न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि गया का 24.7, भागलपुर का 22.4 तथा पूर्णिया का 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
विभाग के अनुसार पिछले चौबीस घंटे में पटना का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा राज्य के अन्य शहरों में गया का 39.3, भागलपुर का 38.5 तथा पूर्णिया का 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले चौबीस घंटे में राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक अनिमेष चंद्रा ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में राज्य के कुछ इलाकों में तेज हवा चल सकती है तथा गरज के साथ छींटे भी पड़ सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज हुआ है।
पूर्वाचल के गोरखपुर सहित कुछ जिलों में रविवार देर रात तेज आंधी के बाद हुई बारिश का अधिकतम तापमान पर खास असर नहीं पड़ा।
पिछले 24 घंटों के दौरान बुंदेलखंड क्षेत्र का झांसी राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कानपुर का अधिकतम तापमान 41.1, इलाहाबाद का 42.0, वाराणसी का 41.28, गोरखपुर का 39.7 और लखनऊ का 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान पूर्वाचल के साथ मध्य उत्तर प्रदेश के इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications