प्रधानमंत्री ने सपा सांसद के निधन पर जताया शोक
नई दिल्ली, 24 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और राज्यसभा सदस्य वीरेंद्र भाटिया के निधन पर सोमवार को शोक जताया। प्रधानमंत्री ने भाटिया को एक प्रमुख अधिवक्ता और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पित एक व्यक्ति बताया।
मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्रित्व काल में उत्तर प्रदेश के महाधिवक्ता रहे भाटिया (63) का यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिवार में पत्नी और बेटा हैं।
भाटिया की पत्नी सरोज भाटिया को भेजे अपने शोक संदेश में मनमोहन सिंह ने कहा है, "आपके पति के निधन की खबर सुन कर मुझे गहरा दुख हुआ है।"
सिंह ने कहा है, "दिवंगत नेता ने एक प्रमुख अधिवक्ता के रूप में खुद को स्थापित करने के लिए विषम परिस्थितियों में काम किया है। वह सामाजिक न्याय के लिए समर्पित थे और उन्होंने सभी समुदाय को समान अवसर दिलाने के लिए सक्रिय रूप में काम किया।"
सिंह ने कहा है, "भाटिया के असमय निधन पर मैं अपनी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं और आशा करता हूं कि भगवान इस अपूरणीय क्षति को बर्दाश्त करने की आपको शक्ति देगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications