मैंगलोर विमान हादसा : 20 शवों का डीएनए परीक्षण होगा (लीड-1)
पुलिस उपाधीक्षक आर. राजेश ने यहां रविवार को बताया, "अब तक करीब 130 शवों की शिनाख्त हो चुकी है और उन्हें पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है। हमें उम्मीद है कि सात-आठ और शवों की पहचान उनके संबंधियों द्वारा मुमकिन हो सकेगी जबकि करीब 20 शव ऐसे हैं जिनकी शिनाख्त के लिए डीएनए परीक्षण की जरूरत है।"
शनिवार सुबह हुए इस हादसे में 158 लोगों की मौत हुई थी। जिनमें 19 बच्चे और चार नवजात शिशु थे।
मैंगलोर के वेनलॉक सरकारी अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि कितने शवों का डीएनए परीक्षण होगा, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि अस्पताल के शवगृह में लोग अभी तक अपने-अपने परिजनों की पहचान करने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।
अस्पताल में बहुत हृदय विदारक दृश्य देखने को मिल रहे हैं। हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों और मित्रों को शवों में से अपनों की तलाश करने के पीड़ादायक अनुभव से गुजरना पड़ रहा है। शवों की शिनाख्त होने के पश्चात चिकित्सक शवों का पोस्टमार्टम कर रहे हैं।
पहचाने जाने वाले शवों की संख्या बढ़ने के साथ अस्पताल के कर्मी तेजी से उनके पोस्टमार्टम की प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने की जद्दोजहद में जुटे हैं ताकि शवों के खराब होने से पहले ही उन्हें उनके संबंधियों के सुपुर्द किया जा सके।
राजेश ने बताया, "हमें उम्मीद है कि शवों को रिश्तेदारों के सुपुर्द करने का काम रविवार रात तक पूरा हो जाएगा।"
हादसे के दौरान बच गए सभी आठ यात्रियों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। शहर के विभिन्न अस्पतालों में इनका इलाज चल रहा है।
एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने मुंबई में कहा कि शवों की शिनाख्त और परिजनों को उसे सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि परिजनों को किसी प्रकार की कोई तकलीफ न हो, इसके लिए कई दल बनाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों के परिजनों को मैंगलोर लाने और ले जाने के लिए अतिरिक्त विशेष विमानों की व्यवस्था की गई है।
ज्ञात हो कि दुबई से मैंगलोर आ रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या आईएक्स 812 मैंगलोर के बाज्पे हवाई अड्डे पर उतरते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। विमान में सवार सभी यात्री भारतीय थे जो दुबई से अपने घरों को लौट रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications