सीबीएसई 12वीं में चेन्नई की 2 छात्राएं टॉपर
चेन्नई के डीएवी गर्ल्स सीनियर सेकेंड्री स्कूल की विज्ञान संकाय की इन दोनों छात्राओं स्वाति पुस्र्ती और आर. गरिमा ने 98-98 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
स्वाति ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "कड़ी मेहनत और लगन के कारण उन्हें यह सफलता मिली है। मैंने अपने आप को पढ़ाई में लीन कर लिया था। साथ ही यह ईश्वर और मेरे माता-पिता के आशीर्वाद का नतीजा है।"
दिल्ली के पीतमपुरा में स्थित रुकमणि देवी पब्लिक स्कूल की छात्रा स्नेहा अग्रवाल ने 97.2 प्रतिशत अंक हासिल किया है। उन्होंने आईएएनएस से कहा, "मैं बहुत खुश हूं। मैंने प्रतिदिन केवल एक घंटे पढ़ाई। मैंने अच्छे परिणाम की आशा की थी लेकिन दिल्ली में शीर्ष स्थान पाने के बारे में नहीं सोचा था।"
दिल्ली में शीर्ष स्थान पाने वाले एक अन्य छात्र आर. के. पुरम में स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के दिवांशु अग्रवाल ने कहा कि वह इस परिणाम से काफी खुश है।
इसी स्कूल की छात्रा श्रुति लखताकिया ने भी दिल्ली में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम उनकी आशा से परे है।
उधर, सीबीएसई की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक भले ही उत्तीर्ण छात्रों के प्रतिशत में 1.13 प्रतिशत की कमी आई लेकिन इस साल मेरिट हासिल करने वाले छात्रों की संख्या 60 फीसदी बढ़ गई है।
बोर्ड के मुताबिक पिछले वर्ष जहां 5712 छात्र-छात्राओं को मेरिट प्रमाण पत्र दिया गया वहीं इस वर्ष नौ हजार से अधिक विद्यार्थियों को यह प्रमाण पत्र दिया जाएगा।
इस वर्ष गणित विषय में कुल 160 छात्रों ने 100 में 100 अंक हासिल किए हैं। इसी तहर भौतिकी में 14, रसायन शास्त्र में 56 और जीव विज्ञान में 44 छात्रों ने शत प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
अंग्रेजी में सबसे ज्यादा 3788 छात्रों ने 95 से अधिक अंक हासिल किए। इनमें पांच छात्रों के शत प्रतिशत अंक हैं।
इतिहास में एक, राजनीतिक विज्ञान में तीन और अर्थशास्त्र में नौ छात्रों को 100 फीसदी अंक हासिल हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications