दुर्गेश जाट प्रकरण में पूर्व मंत्री ने साक्ष्य मिटाया : सीबीआई
दो साल पहले हरदा जिले से लापता हुए दुर्गेश जाट के मामले में सीबीआई की लखनऊ शाखा के विशेष दल ने गुरुवार को कमल पटेल को गिरफ्तार कर लिया था। उन पर साक्ष्य मिटाने का आरोप है।
उल्लेखनीय है कि पांच मार्च 2008 को हरदा के देवतालाब इलाके में कांग्रेस नेता राजेंद्र पटेल से कमल पटेल के बेटे सुदीप का विवाद हुआ। इसी विवाद के चलते सुदीप और उसके साथी दुर्गेश जाट ने राजेंद्र पटेल के घर पर हमला बोला। इससे दोनों ओर से गोलीबारी हुई जिसमें दुर्गेश घायल हो गया।
सीबीआई की लखनऊ शाखा के पुलिस अधीक्षक एस. के. खरे ने शुक्रवार को पटेल की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गोलीबारी के दौरान दुर्गेश घायल हुआ था लेकिन उसे अस्पताल ले जाने की बजाय कमल पटेल के आवास पर ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को ठिकाने लगा दिया गया।
उन्होंने बताया कि जिस टवेरा वाहन का प्रयोग राजेंद्र पटेल के घर हमला करने और घायल दुर्गेश को कमल पटेल के घर लाने में किया गया था उसके कलपुर्जे और पर्दे भी बदल दिए गए। इसमें कमल पटेल का सहयोग रहा।
दुर्गेश के लापता होने पर उसके पिता रामविलास ने उच्च न्यायालय में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी जिस पर न्यायालय ने यह मामला सीबीआई के सुपुर्द कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications