नक्सलियों ने रेल की पटरी उड़ाई

बीबीसी संवाददाता, पटना
बिहार के मोतिहारी ज़िले के पास बोंगाईगांव से आगरा जा रही एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई और डीज़ल ले जा रहे उसके तेरह डब्बों में आग लग गई. घटनास्थल से माओवादियों की ओर से जारी एक पर्चा मिला है जिसमें उन्होंने लोगों के ख़िलाफ़ दमन को बंद करने की मांग की है.
ये घटना जीवधारा और पिपरा स्टेशन के बीच हुई है. स्थानीय पुलिस अधिकारी रजनीश कुमार का कहना है कि एक ज़ोरदार विस्फोट के बाद ट्रेन पटरी से उतर गई. रेल अधिकारियों का कहना है कि ट्रेन के 35 डब्बों को अलग करके सुरक्षित कर लिया गया लेकिन 13 डब्बों में आग लग गई.
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले माओवादी पर्चे में कहा गया है: “लोगों का दमन बंद करो. पूंजीपतियों और चीनी मिल मालिकों का साथ देना छोड़ो." पिछले दिनों में माओवादी हमलों में तेज़ी आई है. बुधवार को पश्चिम बंगाल में माओवादियों ने सीआरपीएफ़ का एक ट्रक उड़ाकर पांच जवानों को मार डाला.
उसके पहले दंतेवाड़ा में एक बस को उड़ाकर कई विशेष पुलिस अधिकारियों समेत 40 से ज़्यादा लोगों का मार डाला गया. प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद को देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा ख़तरा बताया है.












Click it and Unblock the Notifications