नेपाल में 2 पर्वतारोही अब तक लापता
काठमांडू, 17 मई (आईएएनएस)। नेपाल में माउंट धौलगिरी पर पहले आरोहण की स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान हुए हादसे के बाद लापता हुए दो पर्वतारोहियों का अब तक सुराग नहीं लग पाया है। हादसे में एक चीनी पर्वतारोही की मौत हो गई थी।
यहां के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि यह हादसा शनिवार को हुआ। चीनी पर्वतारोही लियांग जाओ उन नौ पर्वतारोहियों के दल में शामिल थे जो धौलगिरी पर्वत पर चढ़ा था। 35 साल लियांग की गिरने से मौत हो गई थी।
लियांग के साथ ही नीचे गिरे दो अन्य पर्वतारोहियों की तलाश की जा रही है। अब तक तमाम प्रयासों के बाद इन तक नहीं पहुंचा जा सका है। खराब मौसम और भोजन के अभाव में इनके जीवित होने की संभावना कम है।
अधिकारियों ने बताया कि तीनों पर्वतारोही पर्वत की 8,167 मीटर ऊंची चोटी पर पहुंच गए थे और लौटते समय नीचे फिसल गए। हादसे की वजह खराब मौसम बताई गई है। अन्य दो पर्वतारोहियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
'नेपाल माउंटनरिंग एसोसिएशन' के पूर्व प्रमुख आंग शेरिंग शेरपा ने कहा, "धौलगिरी आरोहण के लिए कठिन पर्वत नहीं है लेकिन आप हिमालय पर्वत श्रेणी के बारे में आप कोई अनुमान नहीं लगा सकते।"
उल्लेखनीय है कि 13 मई 1960 को छह पर्वतारोहियों का एक दल पहली बार धौलगिरी पर्वत पर पहुंचने में कामयाब हुआ था। ये पर्वतारोही आस्ट्रिया और स्विट्जरलैंड के थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications