नक्सलियों ने बस उड़ाया, 20-30 के मरने की आशंका (लीड-2)
राजधानी रायपुर से करीब 450 किलोमीटर दूर दंतेवाड़ा-सुकना रोड पर बारूदी सुरंग के जरिए बस को निशाना बनाया गया। बस में विशेष पुलिस अधिकारी सवार थे।
स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस पूरी तरह तबाह हो चुकी है। वहां पर 10 फुट गहरा गड्ढा बन गया है। उन्होंने कहा कि 20-30 लोगों के शव पड़े थे।
राज्य के विशेष पुलिस महानिदेशक विजय रमन ने एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा कि करीब 50 लोगों के मारे जाने की आशंका है। मरने वालों में आम नागरिक और विशेष पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
पिछले माह की छह तारीख को नक्सलियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 75 जवानों सहित 76 सुरक्षाकर्मियों की हत्या कर दी थी।
उधर, दिल्ली में गृह मंत्रालय में विशेष सचिव आंतरिक सुरक्षा यू. के. बंसल ने एक समाचार चैनल से कहा कि सोमवार के हमले में काफी लोगों की जान जाने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि बस में आम नागरिक और पुलिस के अधिकारी सवार थे। यह एकदम दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।
छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ननकीराम कंवार ने कहा कि नक्सली अब निर्दोष लोगों को निशाना बनाने लगे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications