नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ में 2 की मौत (लीड-2)
अधिकांश यात्रियों व प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह हादसा बिहार जाने वाली दो रेलगाड़ियों की प्लेटफार्म संख्या को अचानक बदले जाने के कारण हुआ जबकि रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना था कि प्लेटफार्म संख्या 12 और 13 से लगी ओवरब्रीज पर कुछ लोगों के पैर फिसल जाने के कारण यह हादसा हुआ।
बहरहाल, इस हादसे में एक 35 वर्षीया महिला सोनी और एक 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। दोनों को लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी अमित बनर्जी ने आईएएनएस से कहा, "नौ लोगों को यहां इलाज के लिए लाया गया था। इनमें से दो को मृत लाया गया था। सात का इलाज जारी है। घायलों की हालत स्थिर है।"
इस दुर्घटना में कई लोग हालांकि घायल हुए लेकिन इनमें से 10 को ही विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए ले जाया गया। कई घायलों ने अपना इलाज अपनी तरफ से ही कराना बेहतर समझा।
रेल मंत्री ममता बनर्जी ने मृतकों के परिजनों व घायलों के लिए मुआवजा राशि की घोषणा की।
रेलवे बोर्ड के सदस्य (ट्राफिक) विवेक सहाय ने कहा कि विक्रमशीला एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 2.50 बजे से पांच मिनट की विलंब से प्लेटफार्म संख्या 12 से रवाना हुई। सामान्यत: यह प्लेटफार्म संख्या 13 से रवाना होती है। इसके तत्काल बाद भीड़ सप्तक्रांति एक्सप्रेस पकड़ने के लिए प्लेटफार्म संख्या 13 की ओर भागने लगी। यह ट्रेन सामान्यत: 12 नम्बर प्लेटफार्म से छूटती है।
अंतिम समय में प्लेटफार्म की संख्या में हुए परिवर्तन को दुर्घटना के लिए जिम्मेदार माना जा रहा है। सहाय ने कहा कि मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications