भाकपा ने प्रधानमंत्री से पोस्को परियोजना की समीक्षा को कहा
पोस्को परियोजना के कारण जगतसिंहपुर जिले में हिंसा भड़क रही है।
भाकपा नेता डी.राजा ने प्रधानमंत्री को लिखे एक पत्र में कहा कि उड़ीसा सरकार ने पोस्को परियोजना का विरोध कर रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर हमला किया, जो कानून का सीधा उल्लंघन है।
राजा ने एक पत्र में कहा, "मैं शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर उड़ीसा पुलिस के क्रूर हमले के संदर्भ में लिख रहा हूं।"
पोस्को परियोजना स्थल पर पुलिस लाठीचार्ज में शनिवार को कम से कम नौ प्रदर्शनकारी घायल हुए थे।
भाकपा नेता ने कहा कि पोस्को को वन क्षेत्र में 3,000 से 4,000 एकड़ भूमि दी गई है।
उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति और अन्य परंपरागत वनवासी (वन अधिकारों की मान्यता) कानून के तहत कई लोगों का इस भूमि पर वैध अधिकार है, विशेषकर जिस जमीन पर वे खेती कर रहे हैं और इस इलाके में पिछले 15 वर्षो से रहते आएं हैं।
राजा ने कहा कि परियोजना एक विदेशी कंपनी द्वारा देश के संसाधनों के दोहन से अधिक कुछ नहीं है। इलाके के लोगों या देश की अर्थव्यवस्था को इसका कुछ भी लाभ नहीं मिलेगा।
राजा ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में आग्रह किया कि वह मामले में तुरंत हस्तक्षेप करें और पर्यावरण मंत्रालय को कानूनी मंजूरी वापस लेने का निर्देश दें। पोस्को परियोजना की उच्च स्तरीय समीक्षा हो क्योंकि यह काली सूची में दर्ज बहुराष्ट्रीय कंपनी है और लोगों के खिलाफ पुलिस ज्यादती को बंद किया जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications