बांग्लादेश में विद्युत संयंत्र लगाएगी टाटा
ढाका, 16 मई (आईएएनएस)। टाटा समूह, बांग्लादेशी कंपनी निटॉल-निलॉय के साथ संयुक्त उपक्रम के जरिए बांग्लादेश में 1,000 मेगावॉट क्षमता वाला विद्युत संयंत्र लगाएगा। बांग्लादेश का यह सबसे ज्यादा उत्पादन क्षमता वाला संयंत्र होगा।
कंपनी के अध्यक्ष अब्दुल मतलुब अहमद ने यह जानकारी देते हुए कहा, "हम प्रस्ताव की व्यवहार्यता का अध्ययन करेंगे और टाटा समूह को इसकी रिपोर्ट सौंपेंगे।"
अहमद ने कहा कि पिछली व्यापारिक यात्रा के दौरान उन्होंने टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा के सलाहकार श्यामल गुप्ता से इस संबंध में विचार-विमर्श किया था।
टाटा की इंडोनेशिया, वियतनाम और म्यांमार की कोयला खदानों में कोयले के बड़े भंडार मौजूद हैं और वह इस कोयले का उपयोग बांग्लादेश के विद्युत संयंत्र में कर सकता है।
इससे पहले भी टाटा समूह ने बांग्लादेश में तीन अरब डॉलर के निवेश की योजना बनाई थी लेकिन सरकार की ओर से हो रही देरी के चलते उन्होंने इस योजना को जुलाई 2008 में बंद कर दिया था।
निटॉल-निलॉय समूह परिवहन, हवाई सेवाएं, वित्तीय सेवाएं, निर्माण और रियल एस्टेट के क्षेत्र में कार्य करता है। इसका सालाना कारोबार 7.2 करोड़ डॉलर का है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications