बसपा विधायक पर धमकी देने का आरोप
बबलू फैजाबाद जिले की बीकापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। लखनऊ के हजरतगंज इलाके के गोखले मार्ग स्थित 'शौशील कॉम्प्लेक्स' के व्यापारियों ने बबलू के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत दर्ज होने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने शनिवार को घटना की जांच के आदेश दिए।
व्यापारियों का आरोप है कि गत आठ मई को विधायक अपने हथियारबंद समर्थकों के साथ आए औैर धमकी दी कि अगर उन लोगों ने अगले कुछ दिनों में व्यापारिक परिसर को खाली नहीं किया तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
व्यापारियों ने शुक्रवार को पुलिस से इस मामले की शिकायत करने के साथ मुख्यमंत्री मायावती को भी पत्र लिखकर विधायक के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई थी।
व्यापारी एम.सी.श्रीवास्तव ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया, "हमें मुख्यमंत्री पर पूरा भरोसा है। उम्मीद करते हैं कि वह अपने पार्टी के विधायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगी।"
व्यापारियों के मुताबिक व्यापारिक परिसर वी.के.तिवारी नाम के व्यक्ति का है, जो गबन के एक मामले में पिछले 15 साल से फरार है। वर्ष 1996 में इस परिसर को सील कर दिया गया था लेकिन उच्चतम न्यायालय ने इस पर स्थगन आदेश लगा दिया था।
व्यापारियों का आरोप है कि तिवारी अब इस परिसर को बेचने के फिराक में है और इसके लिए उसने कथित तौर पर बसपा विधायक को पैसा दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications