स्वर्णिम मप्र के लिए शिवराज के 70 संकल्प
राज्य को स्वर्णिम प्रदेश कैसे बनाया जाए इस पर विधायकों के सुझाव के लिए विधानसभा का चार दिवसीय सत्र बुलाया गया था। इस सत्र के दौरान 80 विधायकों ने अपने सुझाव रखे, वहीं 71 ने सुझाव लिखकर पटल पर रखे।
मुख्यमंत्री चौहान ने सदन में कहा कि विधायकों के सुझावों के आधार पर प्रदेश के विकास का ऐसा रोडमैप तैयार हुआ है, जिससे विकसित और समृद्ध मध्य प्रदेश बनेगा।
उन्होंने बताया कि अधोसंरचना विकास के तहत संभागीय मुख्यालयों को चार लेन, जिला मुख्यालयों को दो लेन और गांवों को बारह मासी संपर्क सड़क से जोड़ा जाएगा। चिन्हित राजमार्गो के विकास के लिए 'स्टेट हाईवे फंड' बनाया जाएगा। इसके अलावा बिजली व्यवस्था में सुधार के साथ सिंचाई योजनाओं को समय सीमा में पूरा किया जाएगा। खेती को फायदे का धंधा बनाया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि नगरीय विकास के लिए अधोसंरचना बोर्ड बनेगें, प्रत्येक गांव का मास्टर प्लान बनाया जाएगा, किसानों को देय अनुदान की राशि सीधे उनके खातों में जाएगी, सभी पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने घेषणा की कि अब मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। किसानों की जमीन का न्यूनतम पांच लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से अधिग्रहण होगा। किसानों को हेल्थ कार्ड दिया जाएगा, कुपोषण पर काबू पाने के लिए अटल बाल आरोग्य एव पोषण मिशन बनाया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर स्वास्थ्य, शिक्षा से जुड़ी कई भावी योजनाओं का भी ऐलान किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications