कांग्रेस विधायकों का विस परिसर में प्रदर्शन
भोपाल, 14 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के चार दिवसीय विशेष सत्र के अंतिम दिन भी कांग्रेस विधायकों ने सदन के बहिष्कार का क्रम जारी रखा। विधायक शुक्रवार को मटकों के साथ विधानसभा परिसर में पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। साथ ही नियम पुस्तिकाओं को भी लौटा दिया।
कांग्रेस विधायकों ने बिजली, पानी सहित अन्य समस्याओं के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। ये विधायक हाथ में तख्तियां लिए हुए थे और मुकुट भी लगाए हुए थे। मटकों को उन्होंने विधानसभा परिसर में फोड़ा।
विधानसभा में कांग्रेस के उपनेता चौधरी राकेश सिंह ने कहा कि चार दिवसीय सत्र संवैधानिक व्यवस्था को दरकिनार कर चलाया गया। इसमें विपक्ष को उसके अधिकार से वंचित कर दिया गया। साथ ही संवैधानिक प्रक्रिया को भी कलंकित किया गया। उन्होंने इस सत्र को काले सत्र की संज्ञा दी।
सिंह ने आरोप लगाया कि यह सत्र निर्धारित नियमों के विरुद्ध चला है लिहाजा वे लोग विधानसभा की नियम पुस्तिकाओं को लौटा रहे हैं।
कांग्रेस की जनगोष्ठी में गुरुवार को विधायक अजय सिंह रो पड़े थे। इस मसले पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे अत्याचारों का जिक्र आते ही उनकी आंखों में आंसू छलक पड़े थे।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा परिसर के बाहर भारतीय जनता पार्टी की एक महिला विधायक से अभद्र टिप्पणी का जिक्र आने पर विधानसभा अध्यक्ष ईश्वर दास रोहाणी भी रो पड़े थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications