देश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में ओलावृष्टि की चेतावनी (राउंडअप)
जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड के कुछ जगहों, बिहार, झारखण्ड, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, पूर्वोत्तर के राज्यों समेत केरल और कर्नाटक में अगले 48 घंटों के दौरान तेज हवाओं, ओलावृष्टि के साथ वर्षा की चेतावनी दी गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय में छिटपुट बारिश दर्ज की गई। केरल, पश्चिम बंगाल, लक्ष्यद्वीप, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में भी वर्षा हुई।
इधर, दिल्लीवासियों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। राजधानी में बुधवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली में गुरुवार को आसमान साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इसके अलावा देश के तीन महानगरों मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में बुधवार को अधिकतम तापमान 33.9, 36.1 और 36.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है। कई स्थानों पर पारा 44 के पार पहुंच गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान वाराणसी राज्य का सबसे गर्म स्थान वाराणसी रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झ्झांसी का अधिकतम तापमान 44.0 डिग्री, इलाहाबाद का 43.7, आगरा का 43.2, कानपुर का 42.2 और लखनऊ का 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के निदेशक जे. पी. गुप्ता ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट की संभावना न के बराबर है। इसके अलावा अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में बारिश होने आसार भी बहुत कम हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास और आसमान साफ रहेगा।
बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के लगभग सभी इलाकों में झुलसा देने वाली धूप ने अधिकतम तापमान में वृद्घि कर दी है। मौसम विभाग के मुताबिक दो-तीन दिनों तक राज्य में गर्मी का यही आलम रहेगा। चिलचिलाती धूप और तीखी गर्मी ने प्रदेशवासियों को बेहाल कर रखा है।
मौसम विभाग के मुताबिक पटना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43़1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बुधवार को यहां का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक अनिमेश चंद्रा ने बुधवार को बताया कि पछुआ हवा चलने के कारण राज्य में गर्मी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि अगले दो-तीन दिनों तक पटना का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा ही रहेगा।
मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज तल्ख बना हुआ है। गर्म हवाएं झुलसा रही हैं तो तीखी धूप बेचैन कर देने वाली है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस का पार कर गया है तो सबसे गर्म होशंगाबाद रहा, जहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भोपाल स्थित क्षेत्रीय मौसम कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा और गर्म हवाओं का कहर जारी रहेगा। भोपाल में बुधवार को अधिकतम तापमान 41.5, इंदौर में 40 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 43.2 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय में भारी बारिश हो सकती है, वहीं नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में छिटपुट वर्षा के आसार हैं।
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में अलगे 24 घंटों के दौरान धूल भरी आंधी और गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। उधर, पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर और उत्तराखण्ड में बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक के तटीय व आंतरिक हिस्सों, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और लक्ष्यद्वीप, अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में छिटपुट बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत के मैदानी भागों में अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications