जारी है चीन का 'अतिक्रमण' : सैन्य कमांडर
उत्तरी कमान के प्रमुख जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल बी. एस. जसवाल ने पत्रकारों से कहा, "लेकिन मीडिया में जैसा कहा जा रहा है कि यह घुसपैठ है वास्तव में ऐसा नहीं है।"
जसवाल ने जम्मू से 13 किलोमीटर दूर नगरोटा में एक सैनिक स्कूल में पूर्व सेनाधिकारियों की रैली निकाले जाने के बाद यह बात कही। नगरोटा सेना की 16वीं कोर का मुख्यालय है।
उन्होंने कहा, "सीमा के मामले के अंतिम रूप से अभी तक नहीं सुलझे होने के कारण उनकी नजर में चीनी अतिक्रमण हो रहा है। एलएसी के बारे में दोनों देशों की सोच अलग-अलग है।"
उन्होंने कहा, "अतिक्रमण के इस मामले को विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया गया है।"
सैन्य विशेषज्ञों का कहना है कि सेना जिसे अतिक्रमण करार दे रही है वह लद्दाख सेक्टर में एलएसी के नजदीक वर्ष 2008 से ही जारी है।
हाल के वर्षो में चीनी सेना ने भारतीय सीमा में घुसपैठ शुरू कर दी है। उन्होंने दिसम्बर 2008 में भारतीय चरवाहों के एक समूह से एलएसी के नजदीक न आने के लिए कहा था और अक्टूबर 2009 में लेह से 250 किलोमीटर दूर डेमचॉक में एक सड़क निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications