संस्कृति एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई
कोलताता, 9 मई (आईएएनएस)। रेल मंत्री ममता बनर्जी ने संस्कृति एक्सप्रेस प्रदर्शनी रेलगाड़ी को हावड़ा स्टेशन पर रविवार को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। यह पहल नोबेल पुरस्कार विजेता रवींद्रनाथ टैगोर की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में हो रहे समारोहों का हिस्सा है। इस रेलगाड़ी में टैगोर के जीवन और दर्शन पर प्रदर्शनी लगाई गई है।
टैगोर की पेंटिग्स और साहित्य से सजी पांच डिब्बों की यह रेलगाड़ी देश के विभिन्न हिस्सों में प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। अंत में यह रेलगाड़ी अगले वर्ष आठ मई को कोलकाता वापस लौट जाएगी।
तमाम बुद्धिजीवियों और कलाकारों की उपस्थिति में इस अवसर पर बनर्जी ने कहा, "कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की 150वीं जयंती पर यह हमारी ओर से उन्हें श्रद्धांजलि है। यह रेलगाड़ी साल भर देश के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण करेगी। इस रेलगाड़ी में कविगुरु की विभिन्न साहित्यिक रचनाएं और पेंटिंग्स मौजूद हैं।"
टैगोर की उपलब्धियों और विचारों को चित्रित करने के लिए पांच वातानुकूलित बोगियों वाली इस रेलगाड़ी को लिलुआह रेलवे वर्कशाप में रूपांतरित किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications
